Placeholder canvas

3 साल पहले रोजी-रोटी की तलाश में दुबई गया भारतीय कामगार, वीजा समाप्त होने पर भेज दिया गया जेल, अब हुई घर वापसी

दुबई की जेल में कैद विष्णुगढ़ के कामगार विनोद कुमार महतो स्वदेश भारत लौट आए हैं। विनोद कुमार मडमो गांव के निवासी हैं।

विनोद कुमार को दुबई की जेल से वापस भारत लाने में कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, बगोदर के पूर्व विधायक नागेंद्र महतो और दुबई में काम करने वाले मोहम्मद वसीम ने काफी योगदान दिया है।

3 वर्ष पहले रोजी-रोटी की तलाश में गए थे दुबई

विनोद 3 साल पहले रोजी-रोटी की तलाश में दुबई गए थे वहां पर वे एक बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे। पिछले नवंबर महीने की 1 तारीख को विनोद से उनके परिजनों की आखरी बार फोन के जरिए बात हुई थी।

ये भी पढ़ें- भारत से सस्ता मिलता है दुनिया के इन देशों में Gold, जानिए विदेश से कितना सोना ला सकता है कोई नागरिक

1 नवंबर के बाद से विनोद का फोन लगातार स्विच ऑफ था। ऐसे में परिजनों में चिंता का माहौल उत्पन्न हुआ और उन्होंने विनोद के साथ काम करने वाले अन्य लोगों से संपर्क करने की कोशिश की मगर उसके बाद भी विनोद का कुछ पता नहीं चला।

वीजा की अवधि समाप्त होने पर भेजे गए थे जेल

आपको बताते चलें कि मिली जानकारी के अनुसार विनोद के परिजन किसी अनहोनी होने की आशंका जता रहे थे, लेकिन कुछ दिनों ही बाद जानकारी हुई कि विनोद की वीजा अवधि फरवरी महीने में समाप्त होने के कारण अवैध रूप से प्रवास करने के जुर्म में उसे दुबई पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था।

परिजनों ने लगाई जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार

विनोद के जेल में होने की जानकारी पाकर परिजनों ने कोडरमा के सांसद शाह केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, बगोदर के पूर्व विधायक नागेंद्र महतो से उन्हें दुबई की जेल से छुड़ाकर भारत लाने की गुहार लगाई।

इस पूरे मामले की जानकारी नागेंद्र महतो ने दुबई में रहने वाले मोहम्मद वसीम को दी। इसके बाद मोहम्मद वसीम शेख ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों से संपर्क करके उनकी रिहाई करवाई।

दुबई की जेल से रिहा होने के बाद विनोद मंगलवार को उड़ान के जरिए जयपुर हवाई अड्डे पर उतरे। जहां से वह ट्रेन के जरिए सुबह पारसनाथ स्टेशन पहुंचे। विनोद को स्टेशन से घर ले जाने के लिए उनके परिजन पहले ही स्टेशन पर पहुंच चुके थे। विनोद को सकुशल पाकर परिजनों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें :दुबई से हैदराबाद पहुंचे यात्री के पास से मिले 1.37 करोड़ का सोना, कस्टम विभाग ने किया जब्त